बड़ी कार्रवाई: सिंघोड़ा पुलिस ने NH-53 पर 18 किलो गांजा किया जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार
🚨 बड़ी कार्रवाई: सिंघोड़ा पुलिस ने NH-53 पर 18 किलो गांजा किया जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार
महासमुंद/सिंघोड़ा। छत्तीसगढ़ में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में सिंघोड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने NH-53 स्थित रेहटीखोल में नाकाबंदी कर दो जुपीटर स्कूटी से करीब 18 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 9 लाख रुपये बताई जा रही है। मामले में पुलिस ने बिहार निवासी दो युवकों को गिरफ्तार कर नारकोटिक एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया है।
मिली जानकारी के अनुसार सिंघोड़ा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो जुपीटर टीवीएस स्कूटी क्रमांक CG04RB3286 एवं OD15AG0972 में अवैध मादक पदार्थ गांजा लेकर कुछ लोग ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल सक्रिय हुई और NH-53 रोड रेहटीखोल पहुंचकर नाकाबंदी शुरू कर दी।
कुछ समय बाद मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के अनुसार ग्रे स्काई कलर की जुपीटर टीवीएस क्रमांक OD15AG0972 वहां पहुंची। पुलिस ने वाहन को रोककर चालक से पूछताछ की। उसने अपना नाम दीपक कुमार साहनी, पिता जंगली साहनी, उम्र 31 वर्ष, निवासी नया टोला भांडवा, थाना जादूपुर, जिला गोपालगंज बिहार बताया।
पुलिस को युवक की गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद उससे गहन पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान दीपक कुमार साहनी ने बताया कि उसके पीछे एक अन्य गहरे ग्रे और काले रंग की जुपीटर स्कूटी क्रमांक CG04RB3286 आ रही है, जिसमें गांजा रखा हुआ है। उसने पुलिस को बताया कि वह दूसरे वाहन के चालक की पायलटिंग करते हुए ओडिशा से छत्तीसगढ़ सीमा तक पहुंचाने के लिए साथ आया था।
इसी दौरान पुलिस ने दूसरी संदिग्ध जुपीटर स्कूटी को भी रोक लिया। पूछताछ में चालक ने अपना नाम विशाल साह, पिता इन्द्रजीत साह, उम्र 23 वर्ष, निवासी चुरामन पट्टी नया टोला, थाना नौतन, जिला पश्चिम चम्पारण बेतिया, बिहार बताया।
पुलिस पूछताछ में विशाल साह ने बताया कि वह दो दिन पहले गांजा लेने ओडिशा आया था। उसने कथित तौर पर दीपक कुमार साहनी से गांजा खरीदा था और इसे अपने निजी लाभ के लिए पंजाब ले जाकर बेचने की योजना बना रहा था।
पुलिस द्वारा जुपीटर टीवीएस क्रमांक CG04RB3286 की तलाशी लेने पर स्कूटी के बीच में रखे सफेद रंग के प्लास्टिक थैले से दो पैकेट और डिक्की से एक पैकेट बरामद किया गया। तीनों पैकेट भूरे रंग के टेप से अच्छी तरह पैक किए गए थे।
जब पुलिस ने बरामद पैकेटों का वजन कराया तो प्रत्येक पैकेट में करीब 6-6 किलोग्राम नमीयुक्त मादक पदार्थ गांजा पाया गया। इस प्रकार कुल 18 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 9 लाख रुपये बताई गई है।
सिंघोड़ा पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(ii)(B) एवं 29(1) के तहत अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि गांजे की सप्लाई कहां से की गई थी और इस तस्करी नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
The Global India News Today | छत्तीसगढ़
रिपोर्टर: टिकेश बरिहा
#MahasamundNews #SinghodaPolice #GanjaSeizure #BreakingNews #ChhattisgarhNews #TheGlobalIndiaNewsToday
What's Your Reaction?
Like
2
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0