सीतापुर में ट्रांसफार्मर पर काम करते संविदाकर्मी की मौत:हाईटेंशन लाइन में करंट आने से हादसा, विभाग ने दिया 1 लाख मुआवजा

सीतापुर खैराबाद न्यूज

Mar 14, 2026 - 10:35
 0  1
सीतापुर में ट्रांसफार्मर पर काम करते संविदाकर्मी की मौत:हाईटेंशन लाइन में करंट आने से हादसा, विभाग ने दिया 1 लाख मुआवजा
सीतापुर में ट्रांसफार्मर पर काम करते संविदाकर्मी की मौत:हाईटेंशन लाइन में करंट आने से हादसा, विभाग ने दिया 1 लाख मुआवजा

सीतापुर : के खैराबाद थाना इलाके में विद्युत करंट की चपेट में आने से एक लाइनमैन की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। परिजनों ने घटना को लेकर नाराजगी जताते हुए हंगामा भी किया।

जानकारी के अनुसार महेशपुर गांव निवासी दिनेश विद्युत विभाग में संविदा पर लाइनमैन के रूप में कार्यरत था। बताया जा रहा है कि शुक्रवार शाम करीब 4 बजे वह इलाके में लगे एक ट्रांसफार्मर पर मरम्मत का काम कर रहा था। इसी दौरान हाईटेंशन लाइन में अचानक करंट प्रवाहित हो गया, जिसकी चपेट में आकर वह गंभीर रूप से झुलस गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी हालत बेहद गंभीर हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। दिनेश की मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया और आक्रोशित परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि बिना पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के लाइनमैन को हाईटेंशन लाइन पर काम कराया जा रहा था, जिसके चलते यह हादसा हुआ।

मामले की जानकारी मिलने पर विद्युत विभाग के जेई मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। विभाग की ओर से मृतक के परिजनों को तत्काल एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। इसके बाद स्थिति कुछ हद तक शांत हुई।

उधर सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं पूरे मामले की जांच भी शुरू कर दी गई है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Chief Director TGIN Managing Director TGIN news